चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वह घर के पशुओं को चारा-पानी देने गया था, तभी हौदी (नाद) में गिर गया।
मृतक की पहचान नरौली निवासी पवन यादव (16) पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पवन को मिर्गी की समस्या थी। आशंका जताई जा रही है कि चारा देते समय उसे दौरा पड़ा और वह पानी से भरी हौदी में गिर गया।
घटना के समय घर के सदस्य आसपास ही थे। काफी देर तक पवन के बाहर न आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। उन्हें पवन हौदी में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों की सहमति के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।










