Home / Uncategorized / डॉलर एक्सचेंज के नाम पर साइबर ठगी का खेल बेनकाब, महराजगंज पुलिस ने दबोचे दो शातिर

डॉलर एक्सचेंज के नाम पर साइबर ठगी का खेल बेनकाब, महराजगंज पुलिस ने दबोचे दो शातिर

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। जनपद में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना पुलिस ने डॉलर एक्सचेंज के नाम पर साइबर ठगी की रकम खातों में मंगाकर निकासी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी साइबर क्राइम थाना एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा के पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस टीम ने बुधवार को गिरोह का पर्दाफाश किया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को डॉलर एक्सचेंज कर भारतीय मुद्रा उनके खातों में भेजने का झांसा देते थे। इसके जरिए साइबर ठगी से प्राप्त रकम अपने और परिचितों के बैंक खातों में मंगाकर उसकी निकासी कर लेते थे। बाद में यह धनराशि आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस के अनुसार गिरोह सुनियोजित तरीके से साइबर फ्रॉड की रकम को ठिकाने लगाने का काम कर रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अकिल पुत्र जैनुल्लाह एवं तौसिफ पुत्र अकिल निवासी वार्ड नंबर-11, जुगौली थाना सोनौली जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो मोबाइल फोन तथा एक नेपाली सिम कार्ड बरामद किया है। मामले में साइबर क्राइम थाना महराजगंज पर धारा 318(4), 61(2)(बी) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सजनू यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल पियूषनाथ तिवारी, प्रदीप कुमार एवं संतोष शर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *