लुधियाना, 3 जून (राजू वालिया): लुधियाना शहर में लड़कियों के लापता होने के बढ़ते मामलों ने लोगों में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले 48 घंटों के दौरान 9 लड़कियों के लापता होने की खबरें सामने आने के बाद परिवारों और सामाजिक संगठनों में बेचैनी बढ़ गई है। पुलिस द्वारा मामलों की जांच की जा रही है तथा विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए बहुजन समाज पार्टी किसान विंग के प्रभारी किसान बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि लगातार लड़कियों के लापता होने की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि इन मामलों की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए तथा लापता बेटियों को जल्द से जल्द सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया जाए। इस अवसर पर धालीवाल ने कहा कि अभिभावकों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि शहर में निगरानी बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता हुई लड़कियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और हर संभव पहलू से जांच की जा रही है। इस मौके पर शहरवासियों ने सरकार से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि परिवारों की चिंता दूर हो सके और यदि किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या अपराध सामने आता है तो दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जा सके।
लुधियाना में बढ़ी चिंता: 48 घंटों में 9 लड़कियां लापता, किसान नेता बलविंदर सिंह धालीवाल ने जताई फिक्र










