पूर्वांचल राज्य (जिला संवाददाता) वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम वाराणसी द्वारा “हमारा शहर, हमारा पर्यावरण” अभियान के तहत शहर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करना तथा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।
नगर निगम की ओर से विभिन्न आवासीय क्षेत्रों एवं संस्थानों में पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए आवास विकास कॉलोनी (पांडेपुर), विंध्यवासिनी कॉलोनी (अर्दली बाजार), इंदिरा टावर (नारायणपुर) तथा अपेक्स नर्सिंग कॉलेज परिसर को प्रमुख स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं की सहभागिता से पौधे लगाए जाएंगे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली के प्रतीक नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु, संतुलित जलवायु और स्वस्थ जीवन के आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नगर निगम ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। अधिकारियों का मानना है कि जनसहयोग से ही काशी को अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जा सकता है।
विश्व पर्यावरण दिवस के इस विशेष अवसर पर नगर निगम का संदेश स्पष्ट है—”एक पौधा, आने वाले कल के नाम”, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।










