Home / Uncategorized / मंत्री संजीव गोंड ने रेणुकूट के वार्ड 13 में छठ घाट एवं जनसुविधाओं के निर्माण कार्य का किया भूमि पूजन

मंत्री संजीव गोंड ने रेणुकूट के वार्ड 13 में छठ घाट एवं जनसुविधाओं के निर्माण कार्य का किया भूमि पूजन

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र। नगर पंचायत रेणुकूट के वार्ड संख्या 13 स्थित खाड़पाथर में ग्रीनलैंड स्कूल के सामने बंधे पर लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले छठ घाट एवं जनसुविधाओं के निर्माण कार्य का मंगलवार को विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को धार्मिक, सामाजिक एवं नागरिक सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री संजीव गोंड ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, नगर पंचायत रेणुकूट की अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह, रेणुकूट व्यापार मंडल के अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर पंचायत के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

करीब 1.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से युक्त छठ घाट, सामुदायिक शौचालय, आश्रय स्थल (शेड), हाई मास्ट लाइट, विद्युतीकरण तथा पूरे परिसर का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इससे छठ पर्व सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी, वहीं स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर पंचायत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद यह स्थल क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा तथा श्रद्धालुओं को छठ पर्व सहित अन्य अवसरों पर बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

भूमि पूजन के साथ ही निर्माण एजेंसी को कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्रवासियों ने इस विकास परियोजना के लिए मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *