पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
सोनभद्र । रेणुकूट वन प्रभाग के अंतर्गत म्योरपुर रेंज क्षेत्र स्थित गड़िया गांव में सोमवार को जंगल से भटककर गांव पहुंचे एक हिरण की दर्दनाक मौत हो गई। आवारा कुत्तों के झुंड से बचने के प्रयास में हिरण सरकारी बावली में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कमल कुमार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। मंगलवार को वन विभाग ने पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार हिरण के शव का अंतिम निस्तारण कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर गांव पहुंचे हिरण का आवारा कुत्तों के झुंड ने पीछा करना शुरू कर दिया। जान बचाने के प्रयास में हिरण ग्रामीण विनय के खेत में स्थित सरकारी बावली में जा गिरा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हिरण को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मंगलवार सुबह म्योरपुर रेंज परिसर में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि भास्कर ने हिरण का पोस्टमार्टम किया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हिरण की मौत डूबने से हुई। फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण उसकी मृत्यु हुई।
म्योरपुर रेंज के रेंजर जबर सिंह यादव ने बताया कि वन विभाग ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार हिरण के शव का अंतिम निस्तारण कर दिया। डीएफओ कमल कुमार के निर्देश पर मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।










