Home / Uncategorized / TET परीक्षा बनी ट्रैफिक की बड़ी परीक्षा, शिकारपुर चौराहा घंटों जाम से रहा बेहाल

TET परीक्षा बनी ट्रैफिक की बड़ी परीक्षा, शिकारपुर चौराहा घंटों जाम से रहा बेहाल

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज, 02 जुलाई। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के आयोजन के दौरान गुरुवार को शिकारपुर चौराहा और आसपास का इलाका भारी यातायात दबाव की चपेट में आ गया। परीक्षा केंद्रों पर हजारों परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के एक साथ पहुंचने से सुबह से दोपहर तक मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतारें लगने से आमजन को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
जाम की वजह से स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े, जबकि चौराहे और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और यातायात विभाग के जवान लगातार मोर्चे पर डटे रहे। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों का संचालन व्यवस्थित कराया और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कई घंटे की मेहनत के बाद दोपहर में यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे बड़े आयोजनों के दौरान पहले से प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाना चाहिए। साथ ही वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में आम लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
शिकारपुर चौराहे पर गुरुवार को बना जाम एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर गया कि बड़े आयोजनों के दौरान यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *