अमृतसर, 2 जुलाई – (राजू वालिया) – बहुजन समाज पार्टी पंजाब के प्रदेश सचिव श्री बलवंत केहरा ने पंजाब सरकार पर दलित एवं पिछड़े वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर मान सरकार संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिला स्तरीय कीर्तन समागम आयोजित कर सम्मान प्रदर्शित कर रही है, जबकि दूसरी ओर अपने निर्णयों के माध्यम से दलित समाज के संवैधानिक अधिकारों पर लगातार प्रहार कर रही है। बलवंत केहरा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय देने के बजाय उनकी आवाज़ को दबाने और उनकी जायज़ मांगों की लगातार अनदेखी करने की नीति अपनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन के माध्यम से दलित समाज की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया गया, जिससे समाज में निराशा और असंतोष का वातावरण पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 25 जून को पंजाबी, केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, कॉमर्स, फिजिक्स, भूगोल सहित विभिन्न विषयों के लगभग 1000 अध्यापक पदों के लिए जारी भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय के सिद्धांतों तथा संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था का खुला उल्लंघन बताया।बलवंत केहरा ने कहा कि सतगुरु रविदास महाराज जी ने अपने पावन वचनों “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न, छोट-बड़े सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न” के माध्यम से ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहाँ सभी को समान अधिकार और समान अवसर प्राप्त हों तथा ऊँच-नीच का कोई भेदभाव न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियाँ इस महान विचारधारा के बिल्कुल विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब सरकार ने आरक्षण की अनदेखी की हो। इससे पहले एडवोकेट जनरल कार्यालय की भर्तियों में भी आरक्षण लागू नहीं किया गया था, जिसे बहुजन समाज पार्टी तथा अन्य सामाजिक संगठनों के कड़े विरोध के बाद लागू करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार दलित एवं पिछड़े वर्ग के संवैधानिक अधिकारों से इसी प्रकार खिलवाड़ करती रही तो बहुजन समाज पार्टी इसका पुरज़ोर विरोध करेगी। बलवंत केहरा ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी के दिशा-निर्देशानुसार आम आदमी पार्टी सरकार की दलित एवं पिछड़ा वर्ग विरोधी नीतियों के खिलाफ 3 जुलाई को अमृतसर में जिला स्तरीय रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से पंजाब के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर आरक्षण व्यवस्था को तत्काल बहाल करने तथा दलित समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा दलित, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का आघात किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
“दलितों और पिछड़े वर्ग के आरक्षण से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा : बलवंत केहरा”










