Home / Uncategorized / ‘जी राम जी’ योजना का महाआगाज़: अब 125 दिन रोजगार की गारंटी, मजदूरी बढ़कर हुई ₹300

‘जी राम जी’ योजना का महाआगाज़: अब 125 दिन रोजगार की गारंटी, मजदूरी बढ़कर हुई ₹300

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
बासपार बैजौली से हुई शुरुआत, अधिकारियों व ग्रामीणों की मौजूदगी में चला जागरूकता अभियान

महराजगंज, 02 जुलाई। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में गुरुवार को महराजगंज जनपद के सदर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बासपार बैजौली से ‘जी राम जी’ योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के निर्देशन में परियोजना निदेशक (पीडी) की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को योजना की विशेषताओं एवं लाभों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि ‘जी राम जी’ योजना के अंतर्गत अब ग्रामीणों को 125 दिनों के रोजगार की नई गारंटी प्रदान की जाएगी। साथ ही मजदूरी दर में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले मनरेगा के तहत श्रमिकों को ₹252 प्रतिदिन की मजदूरी मिलती थी, जबकि अब ‘जी राम जी’ योजना के अंतर्गत ₹300 प्रतिदिन मजदूरी प्रदान किए जाने का प्रावधान बताया गया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी अविनाश श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान विजय पटेल, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूह (सखी समूह) की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण करने की है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *