सोनभद्र। रेणुकूट देश की अग्रणी औद्योगिक इकाइयों में शामिल हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट में मंगलवार को सीए दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। प्रशासनिक भवन के हॉल नंबर-2 में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के वित्तीय तंत्र की रीढ़ माने जाने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कंपनी की वित्तीय मजबूती और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सीए समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
इस अवसर पर हिंडाल्को के क्लस्टर हेड समीर नायक एवं क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई की सफलता के लिए वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और सुदृढ़ प्रबंधन अत्यंत आवश्यक हैं, जिनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि हिंडाल्को की निरंतर प्रगति और स्थिरता के पीछे कंपनी के सीए अधिकारियों की विशेषज्ञता, समर्पण और अथक मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है।
वित्त एवं लेखा विभाग के प्रमुख बिजॉय सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सीए पेशे की गरिमा, बदलते आर्थिक परिवेश में उनकी बढ़ती जिम्मेदारियों तथा कंपनी के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सीए अधिकारियों को सम्मानित किया। इसके बाद केक काटकर सीए दिवस का उत्सव मनाया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए इस अवसर को यादगार बनाया।
गौरतलब है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को सीए दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की स्थापना हुई थी। इस अवसर पर देशभर की औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान का सम्मान किया जाता है।
हिंडाल्को में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सीए समुदाय के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि कंपनी की मजबूत वित्तीय व्यवस्था, पेशेवर कार्य संस्कृति और टीम भावना का भी परिचायक बना।










