अमृतसर, 4 जुलाई – (राजू वालिया) – धन्न-धन्न बाबा जीवन दास जी की पावन वार्षिक बरसी के अवसर पर गांव मुल्ला बहिराम में नौजवान सेवक सभा एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से श्रद्धा, सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ठंडे-मीठे जल की छबील लगाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं संगतों को प्रेमपूर्वक ठंडा-मीठा जल वितरित किया गया। इस अवसर पर सेवकों ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को शीतल जल पिलाना सबसे बड़ी मानव सेवा है। बाबा जीवन दास जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए हर वर्ष उनकी पावन बरसी पर इस प्रकार के सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज में सेवा, परोपकार और भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि लोगों की निस्वार्थ सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है और इसी भावना के साथ सभी सेवक पूरे उत्साह एवं समर्पण से सेवा में जुटे रहे। छबील के दौरान राहगीरों और श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सेवा का वातावरण बना रहा तथा ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दिया। इस अवसर पर जगरूप सिंह जग्गा, सज्जन सिंह, केवल सिंह हंस, परविंदर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, निक्का लाटी, गगन सिंह, निशान सिंह, अजे तथा मलकीत सिंह हंस सहित नौजवान सेवक सभा के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा जीवन दास जी के चरणों में नमन करते हुए समाज की सुख-शांति, आपसी भाईचारे और मानव कल्याण की कामना की।
धन्न-धन्न बाबा जीवन दास जी की वार्षिक बरसी पर गांव मुल्ला बहिराम में ठंडे-मीठे जल की छबील लगाई गई










