Home / Uncategorized / भक्त इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाया 628वां प्रकाशोत्सव, कबीर भवन में सजी धार्मिक सभा

भक्त इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाया 628वां प्रकाशोत्सव, कबीर भवन में सजी धार्मिक सभा

कबीर जी के जीवन पर कलाकारों ने प्रस्तुत किए प्रेरक प्रसंग, श्रद्धालुओं के लिए छबील और अटूट लंगर का आयोजन

अमृतसर, 5 जुलाई – ( राजू वालिया) – भक्त इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.) पंजाब की ओर से सतगुरु कबीर जी महाराज का 628वां प्रकाशोत्सव रविवार को सतगुरु कबीर भवन, प्रेम नगर, बोहड़ी साहिब रोड, अमृतसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री तारा चंद भगत ने की। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सतगुरु कबीर जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री तारा चंद भगत ने कहा कि सतगुरु कबीर जी महाराज केवल महान संत ही नहीं, बल्कि एक निर्भीक समाज सुधारक और क्रांतिकारी विचारक भी थे। उन्होंने ऐसे दौर में मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जब समाज जाति-पाति, छुआछूत और धार्मिक भेदभाव की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था। उनकी अमूल्य वाणी आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है और श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज उनकी वाणी पूरी मानव जाति को सत्य, प्रेम और सद्भाव का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि मुगल शासनकाल में दलित एवं वंचित समाज के लोगों को शिक्षा प्राप्त करने, धार्मिक उपासना करने तथा अपने अधिकारों का उपयोग करने की स्वतंत्रता नहीं थी। ऐसे कठिन समय में सतगुरु कबीर जी ने अन्याय और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज बुलंद की। उनके विचारों से घबराकर मनुवादी सोच रखने वाले ब्राह्मणों और मौलवियों ने तत्कालीन शासक सिकंदर लोदी से उनकी शिकायतें कीं। इसके बाद कबीर जी को अनेक कठोर यातनाएं दी गईं, लेकिन वे अपने सिद्धांतों से कभी पीछे नहीं हटे। अंततः सत्य और मानवता की विजय हुई तथा सिकंदर लोदी को भी उनके समक्ष नतमस्तक होना पड़ा। कार्यक्रम में विभिन्न इतिहासकारों एवं वक्ताओं ने भी सतगुरु कबीर जी के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रसिद्ध कलाकार शंभू नाथ एवं उनकी कलाकार मंडली ने सतगुरु कबीर जी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन एवं गायन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित संगत ने भाव-विभोर होकर सुना। धार्मिक समागम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए ठंडे एवं मीठे जल की छबील लगाई गई तथा गुरु जी के अटूट लंगर का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सुखदेव राज, रतन लाल, प्यारा लाल, केवल कुमार, कांशी राम, अशोक कुमार, रोशन लाल, इंद्रजीत कुमार, कृष्ण कुमार, बनारसी दास, राजिंदर सिंह ढीटा, बूटा राम, देवराज तथा कबीर भवन के समर्पित सेवादार फौजी साहिब ने सेवाएं निभाईं। वहीं सतपाल (यूनाइटेड इंश्योरेंस), मंगल सिंह सहोता, जगदीश दुग्गल, देश राज और रणबीर सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गुरु चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संत कबीर जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन सर्व समाज की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे और मानव कल्याण की अरदास के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *