Home / Uncategorized / वार्ड नंबर 71 में सीवरेज ओवरफ्लो से जनजीवन अस्त-व्यस्त, गंदे पानी में रहने को मजबूर लोग

वार्ड नंबर 71 में सीवरेज ओवरफ्लो से जनजीवन अस्त-व्यस्त, गंदे पानी में रहने को मजबूर लोग

गली नंबर 8 में महीनों से भरा है सीवरेज का गंदा पानी, संत कबीर जी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही भारी परेशानी; बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई

अमृतसर, 5 जुलाई – ( राजू वालिया) – गुरु नानक पुरा के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 71 की गली नंबर 8 में पिछले लंबे समय से सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में जमा होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गलियों में फैले गंदे पानी ने जहां लोगों का आवागमन मुश्किल कर दिया है, वहीं क्षेत्र में गंदगी और बदबू के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गलियों में जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया तथा अन्य गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें गली से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस मामले की गंभीरता इसलिए भी अधिक है क्योंकि जिस गली में सीवरेज का गंदा पानी जमा है, वहीं संत कबीर जी महाराज का मंदिर स्थित है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन गली में भरे गंदे पानी के कारण उन्हें भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। भगत इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन पंजाब (रजि.) के प्रधान तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश सचिव भगत तारा चंद ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि इस संबंध में कई बार वार्ड की पार्षद सुरजीत कौर तथा नगर निगम के अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन आज तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।भगत तारा चंद ने यह भी कहा कि इस वार्ड के वर्तमान विधायक ने भी अब तक क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्या जानने की आवश्यकता नहीं समझी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के कारण आम लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सीवरेज की सफाई और मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन और पंजाब सरकार से मांग की है कि वार्ड नंबर 71 की गली नंबर 8 में ओवरफ्लो हो रहे सीवरेज की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाए, गलियों की सफाई करवाई जाए तथा लोगों को गंदगी, बदबू और बीमारियों के खतरे से जल्द राहत दिलाई जाए।

*बॉक्स में* :- इस संबंध में जब वार्ड नंबर 71 की मौजूदा पार्षद श्रीमती सुरजीत कौर से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वार्ड की मुख्य सीवरेज लाइन में पीसी सीवर ब्लॉकेज होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग की टीमें मौके पर युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं और सीवर लाइन में आई रुकावट को दूर करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सीवरेज व्यवस्था को सुचारु कर दिया जाएगा, जिससे वार्डवासियों को गंदे पानी की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *