चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय युवक धनंजय की मौत हो गई। हिंगुतरगढ़ बनवा में धानापुर-चहनिया मार्ग पर एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
मृतक धनंजय धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली निवासी स्व. ईश्वर चंद्र के दूसरे नंबर के बेटे थे। वह किसी काम से चहनिया जा रहे थे। हिंगुतरगढ़ गांव के पास बनवा में पहुंचते ही सामने से आ रही स्कूल बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। धनंजय ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और धनंजय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उपस्थित चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धनंजय सहारनपुर में फूल बेचने का काम करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र विशाल (5 वर्ष) और बिट्टू (3 वर्ष) तथा एक पुत्री आकांक्षा (8 वर्ष) हैं। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। नरौली गांव में उनके सरल और मिलनसार व्यवहार के कारण पूरे गांव में शोक की लहर है। घटना के समय उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।









