अमृतसर, 6 जुलाई – (राजू वालिया) – 400 वर्ष प्राचीन शिव मंदिर, गांव भकना कला में भगवान श्री पिपलेश्वर महादेव का वार्षिक गांठ महोत्सव पंडित आशुतोष मिश्रा की अध्यक्षता में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान पिपलेश्वर महादेव का भव्य रुद्राभिषेक एवं हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। हवन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ आहुतियां अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। इस धार्मिक आयोजन में अमृतसर के गांव फताहपुर से भी श्रद्धालुओं का विशेष जत्था पहुंचा। इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह (ग्राम फताहपुर), गुरप्रीत कौर, हरबंस कौर, कुलदीप सिंह, सिमरनजीत कौर, कवलजीत कौर, प्रीतम सिंह, बलविंद्र सिंह एवं हरबंस कौर सहित अनेक श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान पिपलेश्वर महादेव के चरणों में शीश नवाया तथा धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मंदिर प्रबंधन समिति एवं पंडित आशुतोष मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
400 वर्ष प्राचीन शिव मंदिर भकना कला में पिपलेश्वर महादेव का वार्षिक गांठ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है










