सोनभद्र | पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने और बिहार में उसकी आपूर्ति करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की शराब निर्माण सामग्री एवं ट्रेलर वाहन सहित अन्य सामान बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के ग्राम बट्ट स्थित मामा ढाबा परिसर में खड़े ट्रेलर संख्या NL01AA9920 में अवैध शराब निर्माण सामग्री लदी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए ट्रेलर की विधिक तलाशी ली गई तलाशी के दौरान ट्रेलर से 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, लगभग 46 किलोग्राम कैरेमल, 5 लीटर फ्लेवरिंग एसेंस, 160 यूनाइटेड स्पिरिट ब्रांड पैकिंग टेप, तथा लगभग 36,000 विभिन्न आकार की कांच की शराब की शीशियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, इनका उपयोग नकली शराब तैयार कर प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम से पैकिंग कर बिहार में अवैध बिक्री के लिए किया जाना था मौके से गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरिओम पंवार (39 वर्ष) एवं दिनेश पंवार (32 वर्ष), निवासी ग्राम खाचरोली, थाना शालावास, जनपद झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पंजाब के खन्ना (लुधियाना) से शराब निर्माण सामग्री लेकर बिहार-झारखंड सीमा स्थित हरिहरगंज जा रहे थे, जहां नकली शराब तैयार कर विभिन्न ब्रांडों के नाम पर बिहार में अवैध रूप से बिक्री की जाती थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूरे नेटवर्क का संचालन मोबाइल एवं व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से किया जाता है तथा परिवहन के लिए फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग किया जाता था इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मानवेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी विनोद भारती, नन्हकू पासवान, भरत यादव एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया।










