पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र। रेणुकूट निवासी धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने स्थानीय चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी पुत्री के विवाह के लिए स्थानीय अन्नपूर्णा ज्वेलर्स से स्वर्ण आभूषण बनवाए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में बैंक में आभूषण को गिरवी रखकर ऋण लेने के दौरान बैंक द्वारा उसकी शुद्धता अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई तथा उसे लगभग 9 कैरेट का बताया गया, जबकि उन्हें 18 कैरेट का आभूषण बताया गया था।
शिकायत मिलने के बाद रेणुकूट चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की और आपसी समझौते का प्रयास कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार, समझौते में ज्वेलर्स द्वारा 10 मई 2026 तक शुद्ध आभूषण उपलब्ध कराने अथवा उसके समतुल्य राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद न तो सहमति के अनुसार शुद्ध आभूषण उपलब्ध कराया गया और न ही धनराशि वापस की गई। इसके चलते विवाद अब भी बना हुआ है।
धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में द्वितीय पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।










