पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चाचा कॉलोनी स्थित एक किराना दुकान में बुधवार तड़के चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोर दुकान की एस्बेस्टस शीट तोड़कर अंदर घुसा और हजारों रुपये की नकदी के साथ अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है पीड़ित दुकानदार रामप्रवेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे एक अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर दुकान में दाखिल हुआ। आरोपी ने दुकान से लगभग छह से सात हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो एस्बेस्टस शीट टूटी हुई मिली। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। चाचा कॉलोनी में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।










