चंदौली जिले के धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा पुलिस लाइन कर दिया गया है। कानून व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उनके स्थान पर सूर्य प्रकाश मिश्रा को धानापुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
निवर्तमान थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन को साथी पुलिसकर्मियों ने विदाई दी। थाना परिसर में आयोजित विदाई समारोह में उपस्थित पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने त्रिवेणी लाल सेन को फूल-मालाएं और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की गई।
त्रिवेणी लाल सेन ने अपने कार्यकाल के दौरान धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों का पर्दाफाश किया और कई चोरों को जेल भेजा। उन्होंने पूरा चेता दुबे गांव में एक व्यक्ति के साथ हुई जमीन की फर्जी रजिस्ट्री के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की, जिससे क्षेत्र में उनकी एक अलग पहचान बनी।
उनके कार्यकाल में लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान निकालने का लगातार प्रयास किया गया। उन्होंने बिजली विभाग के कार्य में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की, जिसकी काफी सराहना हुई।
धानापुर के नए थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने लोगों को बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया।









