Home / Uncategorized / मोहांव चौराहे पर दिनदहाड़े महिला से उचक्कागिरी, धमकाकर कान का सोने का झाला उतरवाया!

मोहांव चौराहे पर दिनदहाड़े महिला से उचक्कागिरी, धमकाकर कान का सोने का झाला उतरवाया!

दो शातिरों ने मालिश का काम दिलाने का झांसा देकर महिला को सुनसान जगह ले जाकर दिया वारदात को अंजाम, प्रतिष्ठान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

पूर्वांचल राज्य, वाराणसी।

राजेश कुमार वर्मा की रिपोर्ट-

चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गोसाईपुर मोहांव चौराहे पर रविवार को दोपहर करीब 12 बजे दिनदहाड़े एक महिला के साथ उचक्कागिरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दो शातिर युवकों ने पहले महिला को काम दिलाने का झांसा दिया और फिर जान से मारने की धमकी देकर उसके कान का सोने का झाला उतरवा लिया। पूरी घटना एक प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूनम देवी (40 वर्ष), पत्नी मुन्ना शर्मा, निवासी ग्राम सभा तेवर, रविवार को अपने निजी कार्य से मोहांव चौराहे पर आई थीं। इसी दौरान आसमानी और पीले रंग की शर्ट पहने दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला से पूछा कि वह क्या काम करती हैं। महिला ने बताया कि वह नवजात बच्चों की मालिश करती हैं। इस पर दोनों युवकों ने उन्हें झांसे में लेते हुए कहा कि उनके एक रिश्तेदार के यहां भी मालिश का काम है और इसके बदले उन्हें अच्छे पैसे मिलेंगे।

काम दिलाने का लालच देकर दोनों महिला को चौराहे से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर ले गए। वहां पहुंचते ही दोनों ने महिला को धमकाना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके कान में पहना करीब पांच ग्राम का सोने का झाला उतरवा लिया। भयभीत महिला ने अपनी जान बचाने के लिए कान का झाला दोनों को सौंप दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक इत्मीनान से महिला को वापस मोहांव चौराहे पर लेकर पहुंचे। वहां उन्होंने महिला से आगे चलने को कहा। जैसे ही महिला आगे बढ़ी, दोनों पीछे से मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। कुछ दूर जाने के बाद जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों युवक गायब थे। खुद को ठगा महसूस कर महिला चौराहे पर ही बैठकर रोने लगी।

इसके बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस की ओर से उसे थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देने की सलाह दी गई। पीड़िता ने चोलापुर पुलिस को तहरीर देकर मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज से खुल सकता है राज

इस घटना का एक प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होना अहम माना जा रहा है। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी है। अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों की पहचान पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *