काबुल पर पाकिस्तान की बमबारी, पेशावर पर अफगान ड्रोन हमला; तनाव के बीच 48 घंटे का युद्धविराम
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो इस्लामाबाद/काबुल।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। बुधवार शाम पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और स्पिन बोल्डक में हवाई हमले किए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन हमलों में दर्जनों लोगों की मौत हुई है।
पाकिस्तान के इस हमले के जवाब में अफगानिस्तान ने भी पलटवार करते हुए पेशावर में ड्रोन अटैक किया। ड्रोन हमले में एक प्लाजा के कमरे को निशाना बनाया गया, जिसे गुप्त खुफिया केंद्र बताया जा रहा है।
हालात बिगड़ने के बाद दोनों देशों ने फिलहाल 48 घंटे का सीजफायर लागू करने पर सहमति जताई है। रॉयटर्स के मुताबिक, यह युद्धविराम भारतीय समयानुसार बुधवार शाम 6:30 बजे से लागू हुआ।
*बातचीत की कोशिश, लेकिन जंग जैसे हालात*
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि दोनों देश कूटनीतिक चैनल के जरिए समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। हालांकि जमीनी हालात बता रहे हैं कि सीमाओं पर तनाव बेहद गंभीर हो चुका है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह घटनाक्रम केवल दो देशों का मामला नहीं रह गया है, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बन सकता है।










