पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
महराजगंज,सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन कार-ओ-बार” अभियान के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र के पकड़ी चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
चला सघन चेकिंग अभियान
इस दौरान यातायात पुलिस टीम एवं चौकी प्रभारी पकड़ी के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाते हुए ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे कई चालकों की पहचान की गई। दोषी पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
लोगों को दी गई नसीहत
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, जिससे न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए “ऑपरेशन कार-ओ-बार” के तहत लगातार अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
संदेश साफ है
शराब पीकर ड्राइविंग नहीं, तो सुरक्षित रहेगी जिंदगी।










