Home / Uncategorized / सीएम ग्रिड्स योजना के तहत फल मंडी रोड पर महापौर ने किया वृहद वृक्षारोपण ,शहीद उद्यान पार्क के पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा

सीएम ग्रिड्स योजना के तहत फल मंडी रोड पर महापौर ने किया वृहद वृक्षारोपण ,शहीद उद्यान पार्क के पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा

पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम द्वारा शहर के हरित एवं सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के अंतर्गत सिगरा स्थित फल मंडी रोड पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति नगर निगम की प्रतिबद्धता दोहराई।
महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों की देखरेख को अपनी जिम्मेदारी समझें और हरित वाराणसी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

इसके उपरांत महापौर सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क पहुंचे, जहां चल रहे पुनर्विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा, हरियाली के विस्तार एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। सीएम ग्रिड्स योजना के माध्यम से सड़कों के किनारे हरित पट्टी विकसित करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों का उन्नयन किया जा रहा है, जिससे वाराणसी को एक आधुनिक, व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *