पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति मासिक समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी (प्रभारी जिलाधिकारी) ओजस्वी राज ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा किया। सीडीओ ने हेल्थ डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षकों से चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में सुधार तथा आशा बहुओं और एएनएम के कार्यों में खराब प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को यथाशीघ्र बेहतर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। बैठक में पूर्ण टीकाकरण के लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के लिए छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर विशेष कैंप लगाने एवं सरकारी अस्पतालों में स्थानीय प्रसव की संख्या बढ़ाने, जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश जिम्मेदारों को दिया।
इसके अलावा आयुष्मान योजना के तहत कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं ताकि कोई भी पात्र वंचित न रहने पाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाले मामलों की सख्त मॉनिटरिंग करें ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके। सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्टॉक रजिस्टर को अपडेट रखने को कहा। इसके अलावा अस्पतालों की सफाई में स्वच्छता मानकों का कड़ाई पालन करने, मरीजों के लिए पेयजल और बैठने का समुचित इंतजाम करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में आगामी मौसम को देखते हुए संचारी रोगों (जैसे डेंगू, मलेरिया) की रोकथाम के लिए फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव की योजना बनाने पर चर्चा की गई। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि वह मरीजों के साथ मधुर व्यवहार करें और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को अनावश्यक चक्कर न लगवाएं।
खराब रैंकिंग वाले अधीक्षकों को सीडीओ ने दी चेतावनी










