पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार की देर रात चोरों ने हथियरकला बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते अंदर घुसकर नकदी के साथ मिठाई, पनीर और कोल्डड्रिंक तक साफ कर दी। सुबह दुकान खुलने पर घटना का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार हथियरकला बाजार स्थित साधु स्वीट हाउस में रविवार की रात अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। चोरों ने पहले छत पर बने दरवाजे को तोड़ा और फिर आराम से दुकान के अंदर घुसकर नकदी समेत कीमती सामान समेट लिया।
दुकान मालिक के मुताबिक चोर करीब 35 हजार रुपये नकद, लगभग 15 किलो पनीर, 22 किलो बर्फी और करीब 13 हजार रुपये कीमत की कोल्डड्रिंक की पेटियां उठा ले गए। सोमवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और छत का दरवाजा टूटा हुआ मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
सूचना मिलने पर चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।
बताया जाता है कि यह दुकान कई वर्षों पुरानी है और यहां से छेना व खोये का भी व्यापार होता है। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी इसी दुकान में चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।










