पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
सड़क दुर्घटना में कुशीनगर के दो पत्रकार धनंजय पांडेय और शंभू मिश्रा के आकस्मिक निधन पर महराजगंज के समस्त पत्रकारों ने जिला मुख्यालय पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शोक व्यक्त किया।
बताया जा रहा है कि संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रसूलाबाद के पास एक डीसीएम और कार की आमने-सामने टक्कर में दोनों पत्रकारों की मौत हो गई। दोनों पत्रकार लखनऊ से कार द्वारा कुशीनगर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही महराजगंज जिले के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद पत्रकार अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अमित त्रिपाठी ने कहा कि इस दुखद घटना से पत्रकार समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। हम सभी पत्रकार साथी दिवंगत पत्रकारों के परिजनों के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करें।
श्रद्धांजलि सभा में पत्रकार मनोज चौबे, राहुल त्रिपाठी, अमितेश त्रिपाठी, अनुज शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, संजय जायसवाल, अंगद शर्मा, रोहित कनौजिया, किशन गुप्ता, अरुण, ओंकार पटेल और अमृत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
सड़क दुर्घटना में कुशीनगर के दो पत्रकारों के आकस्मिक निधन पर महराजगंज के पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि










