पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
दुद्धी ( सोनभद्र) आज 17 मार्च, मंगलवार को दुद्धी में अखिल भारतीय यादव महासभा के तत्वधान में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति, दहेज प्रथा और शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुधार पर गहन मित्रणा भी हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत होली मिलन से हुई, जिसमें उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारा और एकता का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित मित्रणा बैठक में समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में नशा मुक्ति को प्रमुख विषय के रूप में उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज, विशेषकर युवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। इसे रोकने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने, युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देने और परिवार स्तर पर सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
दहेज प्रथा पर गहन मंथन
दहेज प्रथा को समाज के लिए घातक कुरीति बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह गरीब परिवारों पर भारी बोझ बनती जा रही है। इसे समाप्त करने के लिए समाज को एकजुट होकर दहेज रहित विवाह को बढ़ावा देने एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
बैठक में शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। बच्चों और युवाओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मार्गदर्शन देने और समाज में शैक्षिक माहौल को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, मेधावी छात्रों को सम्मानित और पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया, ताकि अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिल सके।
आयोजकों और उपस्थित गण
आयोजन में यादव महासभा के जिलाध्यक्ष जगत नारायण यादव और युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर वरिष्ठ नेता रामेश्वर राय, सूर्यमणि यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेश यादव, अरविंद यादव, वीरेंद्र यादव, लकी यादव, कार्तिक यादव, राजकुमार यादव, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में यादव समाज और अन्य युवा वर्ग मौजूद थे।
अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आयोजित करने का संकल्प लिया।










