Home / Uncategorized / रेणुकूट में डीएफओ कमल कुमार के निर्देशन में वन विभाग का बड़ा एक्शन, अंतरराज्यीय लकड़ी माफिया गिरोह पर कसा शिकंजा

रेणुकूट में डीएफओ कमल कुमार के निर्देशन में वन विभाग का बड़ा एक्शन, अंतरराज्यीय लकड़ी माफिया गिरोह पर कसा शिकंजा

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र) स्थानीय रेणुकूट वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाली पिपरी वन रेंजर राघवेंद्र कुमार ने अंतरराज्यीय लकड़ी माफिया गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्रजाति सांखू की लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ लिया।

यह कार्रवाई वन प्रभागीय वनाधिकारी कमल कुमार के निर्देशन एवं उड़ाका दल प्रभारी व पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई। मुखबिर की सूचना पर उड़ाका दल सुबह से ही ट्रक (नं0 UP 70 NT 9564) की निगरानी कर रहा था, जो छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था।

मुर्धवा मोड़ पर ट्रक टीम को चकमा देकर निकल गया, लेकिन लगातार पीछा करते हुए टीम ने उसे रॉबर्ट्सगंज मंडी के पास पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चालक पंचम सिंह लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में यह भी सामने आया कि ट्रक की रेकी एक फॉरच्यूनर गाड़ी से की जा रही थी। जब टीम ट्रक को अपनी अभिरक्षा में लेकर रेणुकूट लाने लगी, तो फॉरच्यूनर सवार कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद स्थानीय रेंज के सहयोग से लकड़ी लदे ट्रक को सुरक्षित रूप से सोनभद्र वन प्रभाग को सुपुर्द कर दिया गया।

इस कार्रवाई में उड़ाका दल के वन दरोगा रवि यादव, छोटेलाल तथा वनरक्षक शैलेन्द्र यादव व हिमांशु मौर्य की सक्रिय भूमिका रही।

वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिपरी वन रेंजर राघवेंद्र कुमार निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए लगातार अवैध कटान व तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर लगाम लग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *