पूर्वांचल राज्य/चंदौली
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति का विस्तार से मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सड़क निर्माण, पेंशन योजनाएं, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प तथा पीएम सूर्य घर योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेंशन से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रहे और फैमिली आईडी योजना में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र हैंडओवर करने की प्रक्रिया भी समय से पूरी की जाए, ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर अंकित सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति नियमित रूप से अपडेट की जाए। जिन योजनाओं में प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाने के लिए विभागीय स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने जनता की शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि डिफॉल्टर मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, परियोजना अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप कृषि निदेशक, समस्त उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










