पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी । जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे अवैध गैस रिफिलिंग की गोपनीय सूचना पर खाद्य एवं रसद विभाग की टीम ने छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई जिला पूर्ति अधिकारी के.बी. सिंह के निर्देश पर की गई।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालक मुन्नीलाल विश्वकर्मा और उसका पुत्र आशीष विश्वकर्मा मौके से फरार हो गए। टीम ने दुकान की तलाशी के दौरान एक भरा हुआ गैस सिलेंडर और चार खाली गैस सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा अवैध गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण और पेचकस भी मौके से जब्त किया गया।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजातालाब गुलाब यादव ने बताया कि सभी सिलेंडर दुकान के बाथरूम से बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ जंसा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस दुकान पर छापेमारी की गई है, वहां सीएनजी ऑटो में भी अवैध तरीके से गैस भरी जाती थी। इसका एक वीडियो कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। छापेमारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गुलाब यादव, पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार, विकास यादव सहित जंसा थाने के पुलिस कर्मी मौजूद रहे।










