कटारी बगीचे के विराट दंगल में दिखा रोमांच, दर्शकों ने खूब सराहा पहलवानों का दमखम
पूर्वांचल राज्य वाराणसी ।
चोलापुर ब्लॉक मुख्यालय के समीप कटारी बगीचे में सोमवार को आयोजित अखिल भारतीय विराट दंगल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच से दर्शकों का मन मोह लिया। दंगल को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
मुख्य मुकाबले में बनियापुर के पहलवान विकास ने दिल्ली के विजय को बेहद रोमांचक संघर्ष के बाद अतिरिक्त तीन मिनट में शानदार सल्तो दांव लगाकर चित कर दिया और 25 हजार रुपये की इनामी कुश्ती अपने नाम कर ली। लंबे समय तक चली इस भिड़ंत ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
अन्य मुकाबलों में चौबेपुर के गोल धमकवा निवासी राहुल पाल ने पथरी कला के अभिनेश को महज पांच मिनट में चित कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया। वहीं नई दिल्ली के शकीर और वाराणसी के जसवंत गिरी के बीच 51 हजार रुपये की प्रतिष्ठित कुश्ती बराबरी पर छूटी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
दंगल के समापन पर सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने विजेता पहलवानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजूर राजू कन्नौजिया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दंगल के आयोजन में अखिलेश यादव, मनोज सरोज, नागेंद्र यादव, आशीर्वाद चौबे, दीपक मौर्य, गोविंद यादव, बच्चे लाल, विजय कुमार, जमालुद्दीन, राजेश, वीरेंद्र सहित अनेक लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।










