Home / Uncategorized / 31 मार्च तक किराया जमा नहीं करने पर निरस्त होगा दुकान आवंटन

31 मार्च तक किराया जमा नहीं करने पर निरस्त होगा दुकान आवंटन

नगर निगम सख्त, बकायेदार दुकानदारों को अंतिम चेतावनी; डिजिटल भुगतान के बावजूद ढिलाई पर कार्रवाई तय

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बकायेदार दुकानदारों को अंतिम चेतावनी जारी की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च तक किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा और दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, शहर की कुल 1,962 दुकानों में से बड़ी संख्या में दुकानदार वर्षों से किराया बकाया रखे हुए हैं। विश्वेश्वरगंज, नई सड़क मार्केट, टाउन हॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अर्दली बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में भी कई दुकानदार भुगतान में हीलाहवाली कर रहे हैं।
दुकानदारों की सुविधा के लिए निगम ने भुगतान प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। सभी दुकानों पर क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि किराया आसानी से जमा किया जा सके। इसके बावजूद भुगतान में लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों के मुताबिक दुकानदारों के पास अब महज 18 दिनों का समय शेष है।

राजस्व वसूली में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

नगर निगम की सख्ती का असर राजस्व संग्रह पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पिछले तीन वर्षों में दुकान किराया वसूली में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां 80 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये हो गई। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 4.79 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है।

पुलिस बल के साथ होगी कार्रवाई

निगम अधिकारियों ने बताया कि बकायेदार दुकानदारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और उन्हें सीमित समय की मोहलत दी गई है। तय समयसीमा के बाद भी किराया जमा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की मौजूदगी में दुकानों का ताला तोड़कर निगम कब्जा लेगा।
नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि डिजिटल सुविधा उपलब्ध होने के बाद अब भुगतान न करने का कोई भी बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *