घोसिया, भदोही। आगामी ईद-उल-फितर पर्व को देखते हुए नगर पंचायत घोसिया में जनसमस्याओं को लेकर सामाजिक रूप से सक्रिय रईस अहमद उसमानी ने अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मार्ग मरम्मत, नालियों की सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
रईस अहमद उसमानी ने अपने पत्र में अवगत कराया कि अहले हदीस मस्जिद से लेकर नहरा स्थित ईदगाह तक जाने वाला मुख्य मार्ग काफी जर्जर स्थिति में है। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग ईद-उल-फितर की नमाज अदा करने के लिए ईदगाह पहुंचते हैं, लेकिन सड़क व नालियों की खराब हालत के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर नालियां पूरी तरह टूट चुकी हैं और उनके ऊपर रखी पटिया भी क्षतिग्रस्त हो गई है। विशेष रूप से सत्तार हाशमी, जुम्मन, पप्पू और नसीम के मकानों के पास की स्थिति बेहद खराब है, जहां नाली टूटने, पटिया खुली होने और गंदगी भरी होने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। पिछले वर्ष भी ईद के दिन नाली का पानी सड़क पर बहने से नमाजियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।
रईस अहमद उसमानी ने प्रशासन से मांग की है कि ईद-उल-फितर से पूर्व उक्त मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए तथा टूटे हुए पटियों को सही कराया जाए, ताकि नमाज अदा करने जाने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही उन्होंने पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, सभी ईदगाहों के मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग की है, ताकि पर्व के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
स्थानीय लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, जिससे ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सुविधाजनक वातावरण में संपन्न हो सके।










