Home / Uncategorized / विकास कार्यों की समीक्षा में कमिश्नर सख्त, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश

विकास कार्यों की समीक्षा में कमिश्नर सख्त, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश

अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर 15 दिन में चिन्हित कर करें कार्रवाई: कमिश्नर

कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर विकास भवन सभागार में कमिश्नर श्री विवेक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि 15 दिन के भीतर अभियान चलाकर अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों की पहचान कर जांच की जाए और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्राइवेट अस्पतालों की भी जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां कार्यरत डॉक्टर योग्य हों, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाए। स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने बीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई की गुणवत्ता और मध्याह्न भोजन की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सेतु निर्माण एवं सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिया गया कि जहां भी सड़कें खराब हों, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। विद्युत विभाग को जर्जर तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश दिए गए।विभिन्न योजनाओं की रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, छात्रवृत्ति, निर्माण कार्य, राजस्व, खनन और स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन में सुधार लाकर ‘ए’ रैंकिंग प्राप्त करने के निर्देश दिए। खनन विभाग को विशेष अभियान चलाकर अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लंबित मामलों का 100 प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर निगरानी रखते हुए कालाबाजारी रोकने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को जनसुनवाई में नियमित रूप से बैठने और शिकायतों का निस्तारण उसी स्तर पर करने के निर्देश दिए, जहां वे प्राप्त हों। बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *