Home / Uncategorized / सचिव राहुल ने किया जिला कारागार सोनभद्र का औचक निरीक्षण

सचिव राहुल ने किया जिला कारागार सोनभद्र का औचक निरीक्षण

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

(सोनभद्र) बुधवार,18 मार्च 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के सचिव एवं सिविल जज (सीडी) राहुल ने जिला कारागार सोनभद्र का औचक निरीक्षण किया तथा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान जेल में कुल 748 बंदी निरुद्ध पाए गए, जिनमें 584 विचाराधीन एवं 164 सजायाफ्ता (सिद्ध दोष) बंदी शामिल हैं।

सचिव राहुल ने सजायाफ्ता बंदियों से उनकी सजा के विरुद्ध अपील के संबंध में व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने बंदियों को बताया कि यदि वे निजी अधिवक्ता के माध्यम से अपील करने में सक्षम नहीं हैं, तो वे जेल अधीक्षक के माध्यम से अपीलीय न्यायालय में अपील दाखिल कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों की सूचना नियमानुसार संबंधित न्यायालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, नियमित पेशी, खान-पान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही नालसा द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

किचन, महिला बैरक, पाठशाला व चिकित्सालय का भी निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान सचिव राहुल ने कारागार परिसर में स्थित पाकशाला, पाठशाला, नव निर्मित महिला बैरक, पुरुष बैरक, चिकित्सालय एवं लीगल एड क्लीनिक का भी जायजा लिया। बैरकों में साफ-सफाई एवं गर्मी से बचाव के इंतजामों की समीक्षा की गई तथा बंदियों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई।

निरीक्षण के दौरान किसी बंदी द्वारा विशेष समस्या नहीं बताई गई। हालांकि, समक्ष आई कमियों के सुधार हेतु जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *