Home / Uncategorized / निपुण आकलन परीक्षा में जनपद का बेलहरी ब्लाक अव्वल, अन्य ब्लाकों पर जताई नाराजगी

निपुण आकलन परीक्षा में जनपद का बेलहरी ब्लाक अव्वल, अन्य ब्लाकों पर जताई नाराजगी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। निपुण भारत मिशन के तहत परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए आयोजित निपुण आकलन परीक्षा में जनपद का बेलहरी ब्लाक अव्वल है। शिक्षा सत्र 2025-26 में जिले के 1756 विद्यालयों को मिशन में शामिल किया गया था, जहां के बच्चों का आकलन ‘परख’ ऐप के माध्यम से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में अध्यनरत प्रशक्षिुओं ने किया था। इनमें से 448 विद्यालयों को निपुण घोषित किया गया है। इसमें बेलहरी ब्लाक के 59 विद्यालयों में 41 विद्यालय निपुण घोषित हुए हैं, जो 69 प्रतिशत है। वहीं, नगर क्षेत्र की हालत सबसे खराब है। यहां 17 स्कूलों में एक विद्यालय भी निपुण नहीं हो सका है। कमोवेश यही स्थिति बेरुआरबारी ब्लाक की है, जहां 68 में सिर्फ 5 विद्यालय ही निपुण हुए है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा देने पर पूरा जोर दिया जा रहा है। इसको लेकर ‘परख’ ऐप के माध्यम से जनपद के कुल एक हजार 756 परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए कक्षा एक और दो के बच्चों का निपुण आकलन किया गया था। इसमें बेलहरी ब्लाक के सर्वाधिक स्कूल निपुण हुए है, जबकि नगर क्षेत्र का एक भी विद्यालय निपुण नहीं हो सकें है। वहीं, बेरुआरबारी, चिलकहर, गड़वार, मनियर, पंदह, रसड़ा व सोहांव ब्लाक का प्रदर्शन बहुत ही खराब है। इन ब्लाकों के 20 प्रतिशत विद्यालय भी निपुण नहीं हो सकें है। बीएसए ने जानकारी दी कि बैरिया में 88 में 34, बांसडीह में 96 में 33, चिलकहर में 108 में 19, दुबहर में 90 में 37, गड़वार में 113 में 19, हनुमानगंज में 77 में 27, मनियर में 90 में 12, मुरलीछपरा में 86 में 42, नगरा में 161 में 36, नवानगर में 98 में 35, पंदह में 107 में 16, रसड़ा में 151 में 20, रेवती में 107 में 29, सीयर में 153 में 32, सोहांव में 87 में 13 विद्यालय निपुण घोषित किए गए हैं। बीएसए ने खराब प्रदर्शन वाले सम्बंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों को कड़ी चेतावनी दी है। कहा है कि आप स्वआकलन करें कि, आपके ब्लाक और विद्यालय का परिणाम इतना निराशाजनक क्यों है, अन्यथा जिम्मेदारी तय करते हुए आपके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *