पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के भुआल छपरा-नौरंगा गांव में मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना को पुलिस ने जांच में प्रायोजित करार दिया है। इस मामले में कथित रूप से गोली लगने से घायल अशोक ठाकुर और प्राथमिकी दर्ज कराने वाले उनके भाई रविंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।मंगलवार सुबह गोलीकांड के बाद घायल अशोक ठाकुर के भाई रविंद्र ठाकुर की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने भुआल छपरा निवासी नारायण ठाकुर, गोविंद ठाकुर, कृष्णा ठाकुर, चंदन ठाकुर और अमर ठाकुर के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच पड़ताल की गई। पड़ोसियों और गांव के लोगों से पूछताछ, वादी व घायल के मोबाइल के कॉल डिटेल तथा अन्य तरह की जांच में पाया गया कि यह मामला पूरी तरह प्रायोजित था। जांच में सामने आया कि अशोक ठाकुर और रविंद्र ठाकुर का अपने पड़ोसियों के साथ फसल काटने और भूमि विवाद को लेकर काफी समय से मुकदमेबाजी चल रही थी। अपने विरोधियों को फंसाने के लिए इन लोगों ने खुद अपनी बांह में तमंचे से गोली मार ली थी। मामला प्रकाश में आने के बाद दोनों लोगों से कड़ाई से पूछताछ की गई। दोनों ने सत्य स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने विपक्षियों को फंसाने के लिए यह घटना प्रायोजित की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
युवक ने खुद को मारी गोली पड़ोसियों को फंसाने की साजिश नाकाम, पुलिस ने किया पर्दाफाश










