Home / Uncategorized / वृहद रोजगार मेले में 648 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार

वृहद रोजगार मेले में 648 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली द्वारा बुधवार को द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर, अहरौरा रोड, चकिया में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में कुल 30 कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें 1500 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

रोजगार मेले के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 648 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर प्रदान किए गए। प्रमुख चयन में टाटा मोटर्स द्वारा 111, एसआईएस सिक्योरिटी द्वारा 33, हिण्डाल्को द्वारा 21, अशोक लीलैंड द्वारा 19, आईसीआईसीआई बैंक द्वारा 14, एलआईसी और मिंडा द्वारा 10-10 तथा सुब्रोश द्वारा 9 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

मेले में आए अभ्यर्थियों को जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता ने तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया और उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM-YUVA) योजना के अंतर्गत 21 से 40 वर्ष के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने हेतु 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त एवं बिना गारंटी का ऋण प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीसी मनरेगा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी चकिया तथा द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई के प्रबंधक सुरेंद्र द्विवेदी एवं रौशन द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *