धानापुर (चंदौली): क्षेत्र के कवलपुरा सहित आसपास के गांवों में इन दिनों अवैध खनन का मामला जोर पकड़ता जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार बीते कई दिनों से रात 8 बजे से लेकर भोर तक जेसीबी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा है। खनन की गई मिट्टी को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से लगातार ढोया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसों को न्योता दे रहे हैं। वाहन चालक अधिक फेरे लगाने के चक्कर में ओवरस्पीड में गाड़ियां चला रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
तटवर्ती क्षेत्र होने के कारण यह अवैध खनन भविष्य में गंभीर खतरा भी पैदा कर सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और गंगा में बाढ़ के दौरान पानी का दबाव बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान की आशंका बनी हुई है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस प्रशासन को इस अवैध गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या खनन विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर अनुमति लेकर निर्धारित मानकों से अधिक खनन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और पर्यावरणीय नुकसान से बचा जा सके।










