पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के टेकारी गांव में घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर अवैध संबंध का विरोध करने पर मारपीट करने और सास पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टेकारी निवासी प्रीति यादव ने चोलापुर थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनके पति रवि यादव का एक अन्य महिला से संबंध है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पति ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे और डंडे से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि पति उन्हें भरण-पोषण तक नहीं देते हैं। दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी के बीच उनका जीवन कठिन हो गया है और उन्हें आर्थिक व मानसिक रूप से लगातार परेशान किया जा रहा है। महिला ने अपनी सास पर भी उत्पीड़न और मारपीट में सहयोग करने का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि पूर्व में भी कई बार उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन सामाजिक लोक-लाज के कारण उसने शिकायत नहीं की थी।
इस संबंध में थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।










