पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली पल्टू मिश्रा
महराजगंज, जिले के विकास को नई दिशा देने की दिशा में कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हॉल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
बताया गया कि यह बहुउद्देशीय हॉल लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसके निर्माण के बाद जिले को एक अत्याधुनिक सभागार की सुविधा मिलेगी, जहां विभिन्न प्रशासनिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन सुगमता से किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री मानक के अनुरूप हो और कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।
प्रदेश सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस बहुउद्देशीय हॉल के बन जाने से जिले में बड़े स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।










