Home / Uncategorized / कानपुर देहात में अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई, 9 कंटेनर सीज

कानपुर देहात में अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई, 9 कंटेनर सीज

डेरापुर क्षेत्र में प्रशासन का अभियान, कई ट्रकों पर भी हुई कार्रवाई

काजल तिवारी | पूर्वांचल राज्य

कानपुर देहात में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना रॉयल्टी के परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत मंगलपुर और डेरापुर थाना पुलिस ने कुल 9 कंटेनरों को जब्त कर सीज कर दिया, जबकि करीब आधा दर्जन ट्रकों पर भी अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक चलाया जा रहा है, जिसमें जिलेभर में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में डेरापुर तहसील क्षेत्र में पुलिस टीमों ने बिना वैध रॉयल्टी और क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे वाहनों को पकड़ा।
मंगलपुर थाना पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 8 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें से कुछ वाहन पूर्व में पकड़े गए थे, जबकि अन्य हाल ही की कार्रवाई में जब्त किए गए। वहीं डेरापुर थाना क्षेत्र में एक डंपर को सीज किया गया और कई ट्रकों पर दस्तावेजी खामियों के चलते कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी जब्त वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। मामले की रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और ओवरलोडिंग से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *