Home / Uncategorized / लायंस क्लब रेणुकूट ने मनाया 56वां स्थापना दिवस धूमधाम से

लायंस क्लब रेणुकूट ने मनाया 56वां स्थापना दिवस धूमधाम से

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र), 18 अप्रैल 2026। लायंस क्लब इंटरनेशनल से संबद्ध लायंस क्लब रेणुकूट ने अपना 56वां स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया। आयोजन में सेवा, समर्पण और संगठनात्मक एकता की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन अर्पण धर दुबे रहे। उनके साथ गवर्नर इलेक्ट लायन उदय चांदनी, वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-2 लायन श्याम बाबू वर्मा, पूर्व जिला गवर्नर लायन वीरेंद्र गोयल (क्लब के संरक्षक), पूर्व गवर्नर लायन निधि कुमार तथा लायन जे.एन. श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का क्लब सदस्यों द्वारा अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की आधिकारिक यात्रा भी संपन्न हुई। इस अवसर पर क्लब के सचिव एमजेएफ लायन बृजेश जायसवाल ने वर्षभर की गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट एक आकर्षक स्मारिका के रूप में प्रस्तुत की, जिसका विमोचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने क्लब की सक्रियता की सराहना करते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

समारोह में इंटरनेशनल प्रेसिडेंट लायन ए.पी. सिंह द्वारा प्रेषित इंटरनेशनल पिन एवं सर्टिफिकेट से एमजेएफ लायन बृजेश जायसवाल को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पूर्व अध्यक्ष लायन मुकुल श्रीवास्तव, लायन संजय अमिस्ट, लायन संजय सक्सेना तथा वर्तमान अध्यक्ष लायन रोबिन श्रीवास्तव को भी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट सर्टिफिकेट एवं पिन प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विशेष अवसर पर लायंस क्लब रेणुकूट को “आइकॉन लायन” की उपाधि से नवाजा गया, जबकि यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लायन मुकुल श्रीवास्तव को प्रदान किया गया। इसके साथ ही 10, 20 एवं 40 वर्षों की दीर्घकालीन सेवा देने वाले वरिष्ठ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें एमजेएफ लायन गोपाल सिंह को अध्यक्ष, लायन रुपेश कुमार सिंह को सचिव तथा लायन नवीन जोशी को कोषाध्यक्ष नामित किया गया।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पिन एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

समारोह का संचालन मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में लायन संजय सक्सेना एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेशु सक्सेना ने प्रभावशाली ढंग से किया। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए उन्हें “टोकन ऑफ लव” प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही क्लब के नए सदस्यों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।

पूरे आयोजन में क्लब के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। यह कार्यक्रम एक बार फिर इस बात का प्रमाण बना कि लायंस क्लब रेणुकूट सेवा कार्यों के साथ-साथ संगठनात्मक एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *