पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। रेणुकूट-शक्तिनगर मार्ग पर रविवार को एक ही दिन में दो बड़े सड़क हादसों ने इस खतरनाक मार्ग की स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया। रेणुकूट से शक्तिनगर को जोड़ने वाले इस व्यस्त मार्ग पर हुए इन हादसों में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
पहला हादसा थाना पिपरी क्षेत्र के अंतर्गत वन देवी और गढ़ा बैरियर के बीच हुआ, जहां तीन भारी वाहन आपस में टकरा गए। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक सड़क किनारे खड़ी थी और दूसरी ट्रक रेणुकूट की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक ट्रेलर ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से वाहन आ गया। अचानक स्थिति बिगड़ने पर ट्रेलर चालक ने वाहन को दूसरी ओर मोड़ा, जिससे वह अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक से टकरा गया और दोनों वाहनों के बीच फंस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि चालक और खलासी सुरक्षित बच निकले।
दूसरा हादसा कुछ घंटों बाद रिहंद पुल के पास हुआ, जहां राखड़ लेकर चंदौली जा रहा एक ओवरलोड ट्रेलर तेज मोड़ पर संतुलन खो बैठा और पलट गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को रास्ता देने के प्रयास में चालक ने अचानक गाड़ी मोड़ी, लेकिन अधिक लोड होने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। इस घटना में चालक को मामूली चोटें आईं।
घटनाओं के बाद पिपरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को बाधित नहीं होने दिया और शीघ्र ही मार्ग को बहाल करा दिया।
लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और संकीर्ण मोड़ों के कारण दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।










