रिलायंस की पाइपों में लगी भीषण आग से 63 केवीए ट्रांसफार्मर भी हुआ खाक
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
उत्तर प्रदेश जल निगम की लापरवाही के चलते लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। मामला अनेई बाजार स्थित तुलसीदास इंटर कॉलेज के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन का है, जहां लंबे समय से रिलायंस कंपनी की पाइपें रखी हुई थीं।
बताया जा रहा है कि इन पाइपों का उपयोग जल निगम की परियोजनाओं में किया जाना था, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण इन्हें वर्षों से खुले में ही पड़ा रहने दिया गया। इसी बीच अचानक पाइपों में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भी इसकी चपेट में आ गया और जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभाग समय रहते इन पाइपों को हटवा देता या उचित निगरानी रखी जाती, तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था। घटना ने प्रशासनिक लापरवाही और सरकारी संसाधनों के संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।










