पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / परतावल।
जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सेमरा चन्द्रौली में बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव बड़ी नहर के पश्चिम स्थित राजा राम सिंह के खेत में पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 35 वर्ष है। शव बुरी तरह जला हुआ होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कराई।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
खेत में मिला अज्ञात महिला का अर्धजला शव, पुलिस जांच में जुटी










