पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज (घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज,आनंदनगर शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार कक्षा 9 से 12 तक की पाठ्यपुस्तकों को निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आनंदनगर स्थित सेठ आनंदराम जैपुरिया इंटरमीडिएट कॉलेज में पुस्तक मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक महाराजगंज श्री प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक मेले में पहुंचे और निर्धारित मूल्य पर पाठ्यपुस्तकों की खरीदारी की। सरकार की इस पहल से जहां छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सामग्री सुलभ हो रही है, वहीं अभिभावकों को भी आर्थिक राहत मिल रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी छात्र आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके और वे समाज में अपनी अलग पहचान बना सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शाकिर हुसैन ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्रों में पढ़ाई के प्रति जागरूकता बढ़ती है और शिक्षा का स्तर बेहतर होता है।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा अन्य राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया है।
आनंदनगर में सजा ज्ञान का मेला: सस्ती दरों पर किताबें, छात्रों के सपनों को मिली उड़ान










