Home / Videsh / प्रधानमंत्री ने बाबा विश्वनाथ दरबार में देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

प्रधानमंत्री ने बाबा विश्वनाथ दरबार में देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ लोकतंत्र को मजबूत बनाने का दिया मंत्र

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, वाराणसी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को काशी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ से समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष के बीच प्रधानमंत्री ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ के चरणों में उपस्थित होकर उन्हें अपार आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि माँ अन्नपूर्णा देवी और मां गंगा के दर्शन से उन्हें असीम शांति मिली है। उन्होंने प्रार्थना की कि माता अन्नपूर्णा और माँ गंगा की कृपा से हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।
काशीवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रेरणा देता है। उन्होंने पुनः काशी की जनता को नमन किया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए देशवासियों से रिकॉर्ड मतदान की अपील की। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए कहा कि एक सजग नागरिक का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक मतदान कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि का सच्चा संकल्प जनकल्याण, निष्पक्ष न्याय, अनुशासन, समान व्यवहार और समर्पण की भावना से कार्य करना है। उन्होंने देशवासियों से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *