Home / Uncategorized / बधाई लेने को लेकर किन्नरों में विवाद, रेणुकूट में सड़क पर मचा अफरा-तफरी

बधाई लेने को लेकर किन्नरों में विवाद, रेणुकूट में सड़क पर मचा अफरा-तफरी

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

सोनभद्र (पिपरी)। थाना पिपरी क्षेत्र अंतर्गत रेणुकूट गांधी मैदान के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बधाई लेने को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए।
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए गंभीर विवाद और हंगामे में बदल गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों गुट बीच सड़क पर भिड़ गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हंगामा काफी देर तक चलता रहा, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। गांधी मैदान के पास सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और हंगामे की स्थिति देखी जा सकती है।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकलकर स्थिति का जायजा लेते रहे, जबकि कई लोग एहतियातन सुरक्षित दूरी बनाकर वहां से हटते नजर आए।
पूरे मामले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई और व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *