पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र शक्तिनगर स्थानीय पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासनहीन गतिविधियों एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बस स्टैंड चौराहा एवं थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे कुल 18 व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं बिहार के विभिन्न जिलों के लोग शामिल हैं। सभी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन एवं हुड़दंग जैसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तार व्यक्तियों का विवरण
इस कार्रवाई में भगवानदास कुशवाहा, तेजबली कुशवाहा, चन्द्रशेखर यादव, सन्तोष कुमार, मो0 बदरूल, पंकज कुंकल, सेठी, प्रदीप कुमार, राजेश, रामभुवन नाई, सुखराम सिंह, रोशन सिंह, सोनू श्रीवास्तव, राजकुमार, रामकिशुन, मनीष पाण्डेय, कृष्णा कुमार कुशवाहा एवं संदीप कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया।
ये सभी अलग-अलग स्थानों जैसे शक्तिनगर, सिगरौली (मध्य प्रदेश), तथा बिहार के खगड़िया सहित अन्य क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम का विवरण
इस कार्रवाई में सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय तथा उपनिरीक्षक दिनेश गौतम सहित थाना शक्तिनगर पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










